पकवा इनार के पास अनियंत्रित बस पेड़ से टकराई, यात्री सुरक्षित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कसया। थाना क्षेत्र के पकवा इनार के पास शनिवार को दिल्ली से बिहार जा रही निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे के समय बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद यात्रियों को दूसरी गाड़ी से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार  घोसा साहन थाना मोतिहारी जिले केक्षेत्र के भोरहर निवासी बस चालक मकिंद्र प्रसाद यादव शुक्रवार को करीब तीन बजे दिल्ली से यात्रियों को लेकर मोतिहारी के लिए निकले थे। शनिवार को बस पकवा इनार के पास पहुंची। बताया जा रहा है कि हाईवे किनारे एक ट्रांसपोर्ट का सामान उतारने के बाद एक डीसीएम गलत दिशा से निकल रहा था। उसे बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई

टक्कर के बाद बस में सवार महिला, पुरुष और बच्चे घबरा गए। यात्रियों को बस के टूटे हुए दरवाजे और चालक के दरवाजे से बाहर निकलते देखा गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में स्थानीय लोगों ने भी मदद की

सूचना पर कुशीनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बैरिकेडिंग कर यातायात नियंत्रित कराया। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, जिसके बाद आवागमन सुचारू हो सका। बस की छत पर यात्रियों का सामान भी लदा हुआ था, जिसे बाद में उतारा गया।

कुशीनगर चौकी के एसआई पंकज सिंह ने बताया कि हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं। दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर किनारे करा दिया गया है। हादसे के बाद बस की छत पर लदे सामान को लेकर भी आसपास के लोगों में चर्चा रही। लोगों के अनुसार बस की छत पर काफी मात्रा में सामान रखा हुआ था।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]