कसया। नगर क्षेत्र में एनएच-28 पार करते समय शनिवार को एक वृद्ध महिला तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोपालगढ़ निवासी बैजन्ती देवी (70) शनिवार को कसया स्थित एक निजी अस्पताल में दवा कराने गई थीं। अस्पताल से उपचार कराने के बाद वह घर लौटने के लिए एनएच-28 पार कर रही थीं। इसी दौरान फाजिलनगर की तरफ से गोरखपुर की ओर जा रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस बीच चालक वाहन लेकर फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर कसया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कसया एसओ इत्यानंद पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।









