खड्डा (कुशीनगर)। खड्डा थाना क्षेत्र के जखनिया चौराहे पर शनिवार रात करीब 8:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में मृतक की पहचान प्रेम कुशवाहा (50) पुत्र सीताराम कुशवाहा, निवासी बोधी छप्पर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त प्रेम कुशवाहा बाइक चला रहे थे और उनके साथ हीरा यादव पुत्र राजेश्वर यादव बैठे थे। दोनों अपने घर से बाइक से खड्डा की ओर जा रहे थे।
रेलवे कार्य का हिसाब कराने खड्डा जा रहे थे
परिजनों के अनुसार, प्रेम कुशवाहा और हीरा यादव खड्डा क्षेत्र में चल रहे रेलवे से संबंधित कार्य में काम करते थे। शनिवार रात दोनों उसी कार्य का हिसाब कराने के लिए खड्डा जा रहे थे। इसी दौरान जखनिया चौराहे के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइकों की भिड़ंत काफी तेज थी। टक्कर के बाद प्रेम कुशवाहा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। उनके साथ बाइक पर बैठे हीरा यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दूसरी बाइक पर भी दो लोग थे सवार
दूसरी बाइक पर नर्सिंग कुशवाहा पुत्र श्यामसुंदर बाइक चला रहे थे, जबकि उनके पीछे रामदुलारे पुत्र भूलन साहनी बैठे थे। दोनों खड्डा से अपने घर की ओर जा रहे थे। जखनिया चौराहे के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में नर्सिंग कुशवाहा और रामदुलारे भी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद में जुट गए।
पुलिस ने एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही खड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सड़क से उठवाया और एंबुलेंस की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने प्रेम कुशवाहा की जांच करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल हीरा यादव, नर्सिंग कुशवाहा और रामदुलारे का प्राथमिक उपचार किया गया। तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि रामदुलारे और नर्सिंग कुशवाहा की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। वहीं हीरा यादव का भी गंभीर अवस्था में इलाज चल रहा है।
परिवार में मचा कोहराम
प्रेम कुशवाहा की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि प्रेम कुशवाहा के परिवार में दो बेटे अनूप और शिवम तथा एक बेटी है। दोनों बेटे रोजगार के लिए बैंगलोर में कमाने गए हैं। परिजनों के मुताबिक, अभी उनके बच्चों की शादी भी नहीं हुई है। परिवार के कमाने वाले सदस्य की अचानक मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।
हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस
दुर्घटना की सूचना के बाद खड्डा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है आगे की कार्यवाही किया जा रहा है।









