बालू लदे ट्रक ने सिपाही को कुचला,गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा पर स्थित बहादुरपुर पुलिस चौकी के चेकिंग प्वाइंट पर बुधवार देर रात बालू लदे तेज रफ्तार ट्रक को रोकने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पुलिस टीम को देखकर चालक ने ट्रक रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी।

पीछा करने के दौरान चालक ने ट्रक को बैक कर दिया, जिसकी चपेट में आने से आरक्षी विजेंद्र मणि त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि बीती रात करीब एक बजे तरयासुजान थाना क्षेत्र की बहादुरपुर चौकी प्रभारी शंशाक राय पुलिस टीम के साथ यूपी-बिहार सीमा स्थित चेकिंग प्वाइंट पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बिहार की तरफ से बालू लदा एक ट्रक उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करता दिखाई दिया।

पुलिस टीम ने ट्रक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। पुलिस टीम ने ट्रक का पीछा शुरू कर दिया। इसी दौरान नवनिॢमित ओवरब्रिज के सलेमगढ़ पूर्वी कट के पास चालक ने ट्रक को रोकने के बाद अचानक बैक कर दिया। पीछे मौजूद आरक्षी विजेंद्र मणि त्रिपाठी ट्रक की चपेट में आ गए।

ट्रक का पहिया उनके पैर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनका पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे में उनकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक को यू-टर्न कराकर दोबारा बिहार की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा जारी रखा और बिहार की सीमा में गोपालगंज जिले के बथाना कुटी के पास ट्रक को पकड़ लिया।

हालांकि, चालक मौका पाकर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। घायल आरक्षी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर सिद्धार्थ वर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

उन्होंने घायल आरक्षी की स्थिति की जानकारी लेने के साथ पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]