जर्जर सड़क से स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, तालाब के किनारे हर दिन हादसे का खतरा

महाराजगंज के गुरली रामगढ़वा में प्राथमिक विद्यालय जाने वाली जर्जर सड़क, किनारे तालाब और गंदगी के कारण स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निचलौल विकास खंड की ग्राम सभा गुरली रामगढ़वा के टोला गुरली में प्राथमिक विद्यालय तक जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़ा है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और रखरखाव के अभाव के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं तथा ग्रामीणों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि इसी रास्ते से छोटे-छोटे बच्चे रोज़ प्राथमिक विद्यालय पढ़ने जाते हैं। सड़क के किनारे स्थित तालाब और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे बच्चों और राहगीरों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं।

गांव के निवासी अमरजीत सिंह, रविंद्र सिंह, गौरव दुबे, विजेंद्र प्रताप सिंह, विश्वनाथ राजभर, संतोष, दिनेश तथा हरिलाल राजभर ने बताया कि गांव के महिला और पुरुष भी इसी मार्ग से मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आते-जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के बाद आज तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई, जिसके चलते यह पूरी तरह बदहाल हो चुकी है।

ग्रामीणों के अनुसार, कई बार साइकिल सवार और राहगीर असंतुलित होकर सड़क के बगल स्थित तालाब में गिर चुके हैं। ऐसे में प्राथमिक विद्यालय जाने वाले छोटे बच्चों के अभिभावकों में हमेशा किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की मांग की है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]