महराजगंज में कल सजेगा तिरंगा महोत्सव, देशभक्ति के रंग में रंगेगा आयोजन स्थल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महराजगंज में आयोजित होने वाले तिरंगा महोत्सव की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। भव्य महोत्सव का आयोजन 12 अगस्त को किया जाएगा। आयोजन में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली प्रतियोगिता और तिरंगा सेल्फी प्वाइंट समेत कई आकर्षक कार्यक्रम होंगे।

महोत्सव में वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के अवसर पर वंदे मातरम् गान पर आधारित विशेष चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से वंदे मातरम् के गौरवशाली इतिहास, राष्ट्रीय चेतना में योगदान और स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका को प्रदर्शित किया जाएगा।

खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की ओर से विशेष तिरंगा प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा एमएसएमई, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायतीराज सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के जरिए आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वरोजगार, ग्रामीण आजीविका, स्थानीय उत्पादों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

महोत्सव स्थल पर लोगों के लिए आकर्षक तिरंगा सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा विभाग के विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं स्वतंत्रता दिवस, वंदे मातरम् और राष्ट्रभक्ति जैसे विषयों पर रंगोली बनाकर देशभक्ति का संदेश देंगी।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक कलाकारों और स्कूली छात्र-छात्राओं की ओर से देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सफाई कर्मियों, चिकित्सकों और शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान कर उनकी राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।

इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार तिरंगा महोत्सव को भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करने की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। महोत्सव का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]