कुशीनगर। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को हर्षोल्लास, गरिमा और भव्यता के साथ मनाने की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि 15 अगस्त को सुबह 5 बजे से जनपद के सभी मंदिरों, मस्जिदों और गुरुद्वारों में प्रार्थना सभा आयोजित की जाए। नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों और मलिन बस्तियों में साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनपद में स्थित महापुरुषों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारकों और प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। सभी सरकारी कार्यालयों और भवनों पर सुबह 8 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। सरकारी भवनों पर एक दिन पूर्व से आकर्षक प्रकाश व्यवस्था कराने तथा ध्वजारोहण के बाद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वतंत्रता सेनानियों का होगा सम्मान
अपर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों को सम्मानित करने के लिए संबंधित तहसीलदारों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रमों में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। स्वतंत्रता दिवस पर जिले के सभी विद्यालयों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत, देशभक्ति कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। जिला स्टेडियम में क्रॉस-कंट्री दौड़ कराई जाएगी। अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। वहीं, पडरौना स्थित गांधी पार्क में शाम को देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेवरही के शहीद स्मारक का मुद्दा भी उठा
बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जिला प्रतिनिधि ने सेवरही स्थित शहीद स्मारक का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि स्मारक पर स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 11 शहीदों के नाम अंकित हैं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप जिलाधिकारी स्तर के अधिकारियों द्वारा शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने की मांग की। अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूरी करने और शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का पर्व है। इसलिए कार्यक्रमों में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए इसे भव्य एवं यादगार बनाया जाए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रभारी – जितेंदर सिंह









