सिसवा नगर पालिका परिषद के मीराबाई नगर वार्ड स्थित पोखरा टोला में निर्माणाधीन सरोवर में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल एवं प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद और प्रत्येक परिवार के एक-एक सदस्य को नगर पालिका में आउटसोर्सिंग के जरिए नौकरी देने की बड़ी घोषणा की है।
नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए थे मासूम मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर चार बच्चे पोखरा टोला स्थित निर्माणाधीन सरोवर में नहाने गए थे। नहाते समय अचानक तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। चौथे बालक ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई और बाहर आकर शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
परिजनों में मचा कोहराम हादसे में नीतीश यादव, रोहन और कृष्णा रौनियार नाम के तीन मासूम बच्चों की जान चली गई। एक साथ तीन घरों के चिराग बुझने से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है। जिन घरों में बच्चों की किलकारियां गूंजा करती थीं, वहां अब रोने-बिलखने की आवाजें आ रही हैं। इस हादसे से स्थानीय लोगों में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने बंधाया ढांढस, नौकरी का किया ऐलान
घटना की सूचना पर पहुँचे नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल और प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने मासूमों की असमय मौत को अत्यंत हृदय विदारक बताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया।
अध्यक्ष ने बड़ा निर्णय लेते हुए घोषणा की कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने तीनों मृतक बच्चों के परिजनों में से एक-एक सदस्य को नगर पालिका में आउटसोर्सिंग के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है, ताकि पीड़ित परिवारों को कुछ आर्थिक सहारा मिल सके
सिसवा संवाददाता – अरुणेश कुमार गुप्त









