कसया। थाना क्षेत्र के डुमरी चुरामन छपरा गांव में 22 वर्षीय मोहित मद्धेशिया की हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को नामजद आरोपी शैलेष कुमार पुत्र सुदामा गौड़ निवासी भठही बाबू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में पहले ही मुख्य आरोपी अरविन्द गौड़ को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को मोहित की हत्या के मामले में उसके पिता योगेंद्र मद्धेशिया की तहरीर पर अरविन्द गौड़ और उसके चचेरे भाई शैलेष गौड़ समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि मोहित का अरविन्द गौड़ की पुत्री से प्रेम प्रसंग था। 10-11 अगस्त की रात मोहित युवती से मिलने के लिए गांव के बाहर स्थित दूसरे मकान पर गया था।
इसी दौरान युवती के पिता अरविन्द गौड़ और उसके चचेरे भाई शैलेष गौड़ के साथ एक अन्य युवक वहां पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक, तीनों ने मोहित पर ठोस वस्तु से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अरविन्द गौड़ को गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को पुलिस ने फरार चल रहे शैलेष कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाश कर रही है। कसया एसओ इत्यानन्द पाण्डेय ने बताया कि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
उसे भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ इत्यानन्द पाण्डेय, वरिष्ठ एसआई राजेश यादव, कांस्टेबल सतीश कुमार और अमित यादव शामिल रहे।









