श्रमदान से बदली आयुष्मान स्वास्थ्य केंद्र की तस्वीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तमकुहीराज (कुशीनगर)। तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा डूभा में ग्रामीणों और युवाओं ने श्रमदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया। गांव स्थित आयुष्मान स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से उपेक्षा का शिकार था। केंद्र परिसर में उगी झाड़ियां और घास-फूस के कारण स्वास्थ्य कर्मियों को भी वहां आने-जाने में दिक्कत होती थी तथा विषैले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता था।

शनिवार को दर्जनों ग्रामीण फावड़ा, झाड़ू और अन्य उपकरण लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और पूरे परिसर की साफ-सफाई की। इसके साथ ही गांव के एक महत्वपूर्ण चकरोड पर मिट्टी डालकर उसकी मरम्मत भी की, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिली।

ग्रामीणों ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में पानी, मोटर, शौचालय और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। उन्होंने संबंधित विभाग से इन व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने की मांग की।

इस श्रमदान अभियान में धनंजय कुशवाहा, आजाद सैफी, जयप्रकाश, सत्यप्रकाश, दीपू, राजू कुशवाहा, कृष्णा कुशवाहा, सुखारी सहित कई ग्रामीणों ने सक्रिय सहयोग किया। ग्रामीणों ने इसे “श्रमदान महादान” बताते हुए कहा कि गांव के विकास के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए

और पढ़ें

[the_ad id="164"]