ग्राम पंचायत प्रसादपुर में विधिक जागरूकता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन (महिला कल्याण विभाग) के संयुक्त तत्वावधान में आज दिनांक 21 अगस्त 2026 को जनपद के ग्राम पंचायत प्रसादपुर में विधिक जागरूकता सह जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माननीय सचिव/अपर जिला जज भुवन द्वारा की गई।

कार्यक्रम में माननीय सचिव/अपर जिला जज द्वारा आमजन को विधिक अधिकारों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने विधिक अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने आमजन को कानून से जोड़ने तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम के दौरान हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन के डिस्ट्रिक्ट मिशन कोआर्डिनेटर श्री नलिन सिंह द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य), मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं पारिवारिक लाभ योजना सहित अन्य योजनाओं की पात्रता एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि पात्र लाभार्थी इन योजनाओं का लाभ अवश्य प्राप्त करें तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।

इसी क्रम में वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर श्रीमती रीता यादव द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा सहायता के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर/महिला हेल्पलाइन 181, 112, 108 एवं 102 के उपयोग एवं महत्व के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने उपस्थित महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि यदि कोई महिला किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा परेशानी से प्रभावित है तो वह 181 हेल्पलाइन नंबर पर अपनी समस्या साझा कर सकती है। प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक सहायता एवं कार्रवाई उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार की हिंसा को सहन न करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्री पंकज गुप्ता, पंचायत सहायक श्री प्रवीण, सामाजिक कार्यकर्ता श्री रामवृक्ष गिरि, पीएलवी डिम्पल उपाध्याय एवं अभिमन्यु सिंह सहित ग्राम पंचायत के सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों, महिला एवं बाल सुरक्षा, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्ध सहायता एवं हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]