कुशीनगर विकास भवन स्थित सभागार में कृषि विभाग द्वारा संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (SMAM) तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू (CRM) योजनान्तर्गत अनुदान पर कृषि यंत्र प्राप्त करने हेतु आवेदक कृषकों के चयन की प्रक्रिया जिला स्तरीय समिति के समक्ष ई-लॉटरी के माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह ने बताया कि CRM योजना के अन्तर्गत पराली प्रबंधन हेतु 190 एकल कृषि यंत्रों तथा 04 कस्टम हायरिंग सेंटर (प्रत्येक ₹30 लाख) के लिए ई-लॉटरी कराई गई। वहीं SMAM योजना के अन्तर्गत 11 कस्टम हायरिंग सेंटर (प्रत्येक ₹10 लाख) तथा 02 फार्म मशीनरी बैंक (प्रत्येक ₹10 लाख) के लिए विभागीय पोर्टल के माध्यम से ई-लॉटरी संपन्न हुई।
ई-लॉटरी की प्रक्रिया पूरी होने के उपरांत चयनित कृषकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर तत्काल चयन संबंधी संदेश प्राप्त हुए, जिससे चयनित कृषकों में उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने कृषकों को कृषि यंत्र अनुदान प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा विभागीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
ई-लॉटरी के दौरान जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष, स्वयं सहायता समूह के प्रतिनिधि एवं आवेदक कृषक उपस्थित रहे।









