कसया। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार को कुशीनगर के मुख्य गेट पर पुलिस ने पूरे दिन सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। कुशीनगर चौकी प्रभारी सुजीत पांडेय की अगुवाई में पुलिस टीम ने मुख्य गेट से आने-जाने वाले वाहनों और लोगों की जांच की। अभियान के दौरान करीब 300 वाहनों को चेक किया गया।
पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों के चालकों से हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल), वाहन का पंजीकरण और अन्य जरूरी कागजातों की जांच की। बिना हेलमेट और यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान करीब 70 दोपहिया वाहनों का चालान काटा गया, जिसमें लगभग 40 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की भी गहनता से जांच की। मुख्य गेट पर आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर पुलिस की विशेष नजर रही। संदिग्ध नजर आने वाले लोगों से पूछताछ करने के साथ ही उनके सामान और वाहनों की भी जांच की गई। पुलिस टीम ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।
कुशीनगर चौकी प्रभारी सुजीत पांडेय ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चेकिंग अभियान चलाया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, ड्राइविंग लाइसेंस व वाहन के जरूरी कागजात साथ रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।









