महराजगंज जिले की भारत-नेपाल सोनौली सीमा पर स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीमा क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखते हुए पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। भारत से नेपाल और नेपाल से भारत आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है। सीमा पार करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के पहचान पत्र की जांच के साथ उनके सामानों की भी तलाशी ली जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही लोगों को आगे जाने की अनुमति दी जा रही है।
मुख्य सीमा मार्ग के साथ-साथ पगडंडी और वैकल्पिक रास्तों पर भी सुरक्षा बलों की विशेष नजर है। इन मार्गों पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी तेज कर दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है।
पुलिस और एसएसबी के जवान सीमा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी भी जुटा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
नौतनवा के क्षेत्राधिकारी बसंत कुमार सिंह ने बताया कि 15 अगस्त को लेकर सोनौली सीमा को पूरी तरह हाई अलर्ट पर रखा गया है। पगडंडी मार्गों पर पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। सीमा से आने-जाने वाले लोगों के आईडी कार्ड और सामानों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बल 24 घंटे अलर्ट मोड पर हैं, ताकि स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या न हो और सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत बनी रहे।









