कुशीनगर । सेवरही थाना क्षेत्र के शिवा घाट पर शनिवार शाम रील बनाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में चले जाने से नदी में डूबने लगा। युवक को डूबता देख मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में छलांग लगाकर उसकी जान बचा ली। घटना के बाद युवक को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। शिवा घाट पर इस तरह की घटना पहले भी सामने आ चुकी है।
जानकारी के अनुसार, सेवरही क्षेत्र के सूरज वर्मा अपने तीन-चार साथियों के साथ शिवा घाट पर रील बनाने पहुंचे थे। रील बनाने के दौरान वह नदी पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
युवक को नदी में डूबता देख मौके पर मौजूद दो स्थानीय लोगों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद दोनों ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद युवक को घास पर लिटाकर प्राथमिक उपचार दिया गया।
युवक की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेवरही ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सेवरही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। थाना अध्यक्ष मनोज वर्मा ने लोगों से अपील की कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। ऐसे में रील या सेल्फी बनाने के लिए नदी के किनारे अथवा गहरे पानी में जाना जानलेवा साबित हो सकता है।
पुलिस ने लोगों से नदी और घाटों पर विशेष सावधानी बरतने तथा अपनी जान जोखिम में डालकर रील बनाने से बचने की अपील की है।
स्थानीय लोगों की सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई से युवक की जान बच गई, लेकिन यह घटना एक बार फिर सोशल मीडिया के लिए जोखिम उठाने वालों को सावधान करने वाली है।
प्रेम सिंह – कुशीनगर









