महराजगंज, 05 अगस्त 2026। जिलाधिकारी महराजगंज के निर्देश पर जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) के.के. उपाध्याय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को दो प्रमुख फ्लोर मिलों का निरीक्षण किया और गुणवत्ता जांच के लिए आटा एवं मैदा के नमूने एकत्र किए।
निरीक्षण के दौरान जायसवाल एग्रो इंडस्ट्रीज़ प्राइवेट लिमिटेड, मनीकौरा (फरेंदा) से आटा और मैदा के नमूने लिए गए, जबकि हिन्दुस्तान फ्लोर मिल, प्रसन्ना (नौतनवा) से गेहूं के आटे का नमूना संग्रहित किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी नमूनों को निर्धारित विधिक प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला भेज दिया है, जहां उनकी गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने फ्लोर मिल संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता, गुणवत्ता नियंत्रण और मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह और पवन गौड़ भी शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जनपद में ऐसे विशेष निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।









