गोरखपुर में बिजली ठेकेदार की गोली मारकर हत्या

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर बिजली ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।


जानकारी के मुताबिक, 55 वर्षीय शिवकुमार त्रिपाठी शनिवार शाम करीब 6 बजे अहिरौली गांव में आयोजित ब्रह्मभोज में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें घेरकर गोली मारने की बात सामने आ रही है। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सिकरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को रोक दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

प्रारंभिक जानकारी में हत्या की वजह करीब एक साल पुराने विवाद और पुरानी रंजिश से जुड़ी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस हत्या के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, शिवकुमार त्रिपाठी का परिवार अहिरौली गांव के अलावा गोरखपुर शहर के गांधी नगर में भी रहता है। उनके बेटे आदित्य त्रिपाठी गोरखपुर सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही हत्या की सही वजह और आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]