नौतनवा। परसा मलिक थाना क्षेत्र के अंतर्गत बघेला नदी में मगरमच्छ दिखाई देने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। नदी में मगरमच्छ देखे जाने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोग नदी के किनारे पहुंचकर मगरमच्छ को देखने का प्रयास करते नजर आए।
बताया जा रहा है कि बघेला नदी में मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। नदी के आसपास रहने वाले लोगों को अब किसी अनहोनी की आशंका सताने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी के आसपास अक्सर लोगों और पशुओं का आवागमन रहता है, ऐसे में मगरमच्छ की मौजूदगी चिंता का विषय बनी हुई है।
मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों ने एक-दूसरे को सतर्क करते हुए नदी के आसपास जाने से बचने की अपील की है। खासकर बच्चों और पशुओं को नदी के किनारे न जाने देने की सलाह दी जा रही है। घटना की जानकारी क्षेत्र में तेजी से फैलने के बाद लोगों में कौतूहल के साथ भय का माहौल भी देखा गया।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मामले का संज्ञान लेने तथा नदी के आसपास सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि नदी में मगरमच्छ वास्तव में मौजूद है तो उसकी निगरानी और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल व्यवस्था की जानी चाहिए।
फिलहाल नदी में मगरमच्छ दिखाई देने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और ग्रामीण सतर्कता बरत रहे हैं।









