प्रदर्शनकारियों को कोतवाल ने समझाया मुकदमे का मतलब, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धरना दे रहे लोगों को कोतवाल ने बताया मुकदमे का व्यावहारिक अर्थ, बोले—जिंदगीभर लगाने पड़ सकते हैं अदालत और थाने के चक्कर

कन्नौज। कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दे रहे प्रदर्शनकारियों को सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह द्वारा मुकदमे का व्यावहारिक मतलब समझाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कोतवाल के अनोखे अंदाज में मुकदमे की परिभाषा बताने को लेकर लोगों के बीच चर्चा छिड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि मुकदमा दर्ज होने दो, मुकदमे से क्या होता है। इस पर सदर कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने उसे मुकदमे के परिणाम समझाते हुए कहा कि मुकदमा बहुत बड़ी चीज है। उन्होंने मुकदमे का अर्थ बताते हुए कहा कि ‘मु-कद-मा’ यानी आपका मुंह दूसरों के कदमों में बार-बार झुकेगा।

कोतवाल ने कहा कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस को देखते ही नमस्कार करना पड़ेगा। अदालत में पेशी के दौरान वकील, बाबू और न्यायालय के कर्मचारियों के सामने भी जाना पड़ेगा। यदि जेल जाने की नौबत आई तो जेलर और बंदी रक्षकों से भी सामना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि जेल से छूटने के बाद यदि हिस्ट्रीशीट खुल गई तो पुलिस की निगरानी का सामना भी करना पड़ सकता है।

कोतवाल ने प्रदर्शनकारियों को मुकदमे की गंभीरता समझाते हुए कहा कि जिसे लोग मामूली बात समझते हैं, उसका असर लंबे समय तक जिंदगी पर पड़ सकता है। फिलहाल कोतवाल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

लोकेशन- कन्नौज
रिपोर्टर- विवेक दीक्षित

और पढ़ें

[the_ad id="164"]