सीतापुर में 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गन्ने के खेत में मिला था मासूम का शव, सर्विलांस और डॉग स्क्वायड की मदद से पुलिस ने सुलझाया मामला

सीतापुर। जनपद के मछरेहटा थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान ग्वालीपुर गांव निवासी जब्बार पुत्र मटरू के रूप में हुई है। घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल था।

जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर को ग्वालीपुर गांव के पास गन्ने के खेत में बच्ची का शव बरामद हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने की बात सामने आई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में जांच शुरू की गई। पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी अपने मोबाइल पर नाबालिग बच्चियों से संबंधित अश्लील सामग्री खोजता था। पुलिस का दावा है कि घटना वाले दिन आरोपी शराब और नशीले पदार्थों के सेवन के बाद बच्ची को बहला-फुसलाकर गन्ने के खेत में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म कर गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने मामले के खुलासे की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]