एनकाउंटर के डर से मंगलसूत्र लूट का आरोपी पहुंचा कोतवाली, किया आत्मसमर्पण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महिला से मंगलसूत्र छीनकर हुआ था फरार, सीसीटीवी फुटेज से पहचान के बाद पुलिस दे रही थी दबिश

ललितपुर। में महिला से मंगलसूत्र छीनकर फरार हुए आरोपी ने पुलिस एनकाउंटर के डर से खुद सदर कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी की पहचान आसिफ उर्फ अन्ना (30 वर्ष), पुत्र महबूब खान, निवासी मोहल्ला चौबियाना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना 11 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के चौबियाना मोहल्ले स्थित रघुनाथ जी बड़ा मंदिर के पास हुई थी। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन सपना कुशवाहा मंदिर में जल चढ़ाकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान आरोपी ने उनके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गया।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस लगातार उसके घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान पैर में गोली लगने की आशंका से आरोपी भयभीत हो गया। इसी डर के चलते वह देर रात खुद सदर कोतवाली पहुंच गया और आत्मसमर्पण कर दिया। उसके थाने पहुंचने की घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद जेल भेज दिया। इस घटना की क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।

 

रिपोर्ट – राहुल साहू

और पढ़ें

[the_ad id="164"]