कानपुर देहात।के जैनपुर औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को प्रीमियम सूटिंग प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल सक्रिय हो गई। मौके पर पहुंची चार दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, जैनपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रीमियम सूटिंग प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में बुधवार को अचानक आग भड़क उठी। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही माती फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए चार फायर टैंकरों की मदद ली गई। दमकल कर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए आग पर नियंत्रण पा लिया।
अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर काबू पाने में सफलता मिली। हालांकि, फैक्ट्री में आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। आग से फैक्ट्री में कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका आकलन भी फिलहाल नहीं हो पाया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। चार फायर टैंकरों की सहायता से आग बुझाई गई। घटना के कारणों और नुकसान से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।
रिपोर्टर- संजय तिवारी









