उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पिलखुवा से यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। यहां एक ही बाइक पर छह छात्रों के सवार होकर सड़क पर फर्राटा भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में छात्र एक बाइक पर क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर अपनी और दूसरे राहगीरों की जान जोखिम में डालते नजर आ रहे हैं। बाइक पर जगह कम पड़ने पर एक छात्र को दूसरे की गोद में बैठाया गया। इसके बाद भी युवक व्यस्त सड़क पर बाइक दौड़ाते दिखाई दे रहे हैं।
इस तरह की लापरवाही सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी खतरा बन सकती है। जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। वीडियो सामने आने के बाद लोग यातायात नियमों के पालन और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
अब देखना होगा कि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हापुड़ यातायात पुलिस मामले का संज्ञान लेकर संबंधित छात्रों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।
अपील यातायात नियमों का पालन करें। बाइक पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी न बैठाएं और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।









