बहराइच। जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र में आवारा कुत्ते के हमले से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। कुत्ते ने अलग-अलग मौजों में दादी-पोते समेत पांच लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक कुत्ते ने करीब 10 से 12 लोगों को अपना शिकार बनाया है।
जानकारी के अनुसार, फखरपुर के परशुरामपुर मौजा निवासी 40 वर्षीय शैफुल निशा पत्नी पप्पू अपने एक वर्षीय पोते आबाम पुत्र मन्नान को घर के बाहर खिला रही थीं। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्ते ने दोनों पर हमला कर बुरी तरह नोच लिया।
वहीं, खालिदपुर मौजा में आठ वर्षीय करीम पुत्र नूर अहमद घर के बाहर खेल रहा था, तभी कुत्ते ने हमला कर उसे घायल कर दिया। इसी गांव की 45 वर्षीय फूल बानो पत्नी कल्लू शाह भी कुत्ते के हमले में घायल हो गईं।
इसके अलावा सात वर्षीय हमजा पुत्र कमरुज्जमा सामान खरीदने जा रहा था, तभी कुत्ते ने उसे भी अपना शिकार बना लिया।
घायल फूल बानो ने बताया कि कुत्ते ने गांव में कई लोगों को काटा है। हमले से आक्रोशित ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पीटकर कुत्ते को मार डाला। लगातार हुए हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।









