गोरखपुर। संपत्ति विवाद को लेकर अपने ही बेटों से परेशान एक बुजुर्ग दंपति ने बुधवार को गोरखपुर प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई। दंपति ने अपने तीनों पुत्रों पर मारपीट करने, घर से निकालने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित दंपति का कहना है कि उन्होंने अपनी पैतृक संपत्ति पहले ही तीनों बेटों के नाम कर दी थी। इसके बावजूद बेटों का व्यवहार उनके प्रति ठीक नहीं रहा। आरोप है कि तीनों पुत्रों ने उनके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद दंपति ने अपनी बची हुई संपत्ति पुत्री के नाम कर दी, जिससे विवाद और बढ़ गया।
दंपति का आरोप है कि पुत्री के नाम संपत्ति करने के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। आए दिन होने वाले विवाद और मारपीट से वे भयभीत हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान पीड़ित दंपति ने पुलिस प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर सुरक्षा प्रदान करने और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की। फिलहाल पूरा मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।









