दीपक कश्यप, हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से प्रेरणादायक पहल की गई। जिलाधिकारी कविता मीना ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा सात में पढ़ने वाली होनहार छात्रा निधि को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया। इस दौरान निधि ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम की कुर्सी संभाली और प्रशासनिक कामकाज को करीब से समझा।

एक दिन की जिलाधिकारी बनीं निधि ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। साथ ही जनसमस्याओं और प्रशासनिक कार्यों को लेकर अधिकारियों से संवाद किया। इस पहल से छात्रा को प्रशासनिक व्यवस्था समझने और भविष्य में बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिली।
जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राएं भविष्य में आत्मनिर्भर बनकर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बेटियों के सपनों को नई उड़ान देना और उनमें आत्मविश्वास पैदा करना है।
इस अवसर पर छात्रा निधि ने भी अपने अनुभव साझा किए। प्रशासन की इस पहल से बालिकाओं को आगे बढ़ने, बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।









