महराजगंज। जिले की बीसी सखियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। विशिष्ट करेस्पॉन्डेंट महिला उत्थान समिति के बैनर तले सौंपे गए ज्ञापन में शासनादेशों का पालन कराने, लंबित मानदेय का भुगतान करने और कार्यस्थल पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई। बीसी सखियों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बीसी सखियों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों में उनके हित में कई शासनादेश जारी हुए, लेकिन उनका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पाया। इससे उन्हें काम करने में परेशानी हो रही है और आजीविका भी प्रभावित हो रही है।
छह प्रमुख मांगें उठाईं
ज्ञापन में पंचायत भवनों में बीसी सखियों के बैठने की समुचित व्यवस्था कराने और सभी को बैंकों की ओर से आधार आधारित पहचान पत्र उपलब्ध कराने की मांग की गई। इसके अलावा नए राष्ट्रीयकृत बैंकों से जुड़ने संबंधी शासनादेश लागू कराने और संबंधित बीसी सखियों को पहचान पत्र जारी करने की मांग उठाई गई।
बीसी सखियों के मुताबिक, शासन की ओर से छह महीने तक प्रतिमाह चार हजार रुपये मानदेय देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कई सखियों को दो से चार महीने तक का भुगतान नहीं मिला है। उन्होंने बकाया मानदेय का भुगतान जल्द कराने की मांग की।
इसके साथ ही पंचायत स्तर पर मनरेगा भुगतान की व्यवस्था बीसी सखियों के माध्यम से कराने और बैंकों की ओर से उपलब्ध कराए गए खराब उपकरणों को बदलकर नए उपकरण देने की मांग भी की गई।
बीसी सखियों ने प्रशासन से सभी समस्याओं का जल्द समाधान कर शासनादेशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।









