पटना: राघोपुर नाव हादसे के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हाजीपुर सांसद चिराग पासवान नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) पहुंचे। यहां उन्होंने हादसे में बचाए गए बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी।
इस दौरान चिराग पासवान ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले बच्चों के परिजनों के लिए राज्य और केंद्र सरकार की ओर से मुआवजे की घोषणा की गई है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
चिराग पासवान ने यह भी कहा कि राघोपुर नाव हादसे की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी लोग जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने घटना की गंभीरता को देखते हुए जिम्मेदारी तय करने की बात कही।
हादसे के बाद प्रभावित परिवारों में दुख का माहौल है। अस्पताल में बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात के दौरान राहत, सहायता और घटना की जांच का मुद्दा प्रमुख रहा।
पटना से रमण कुमार की रिपोर्ट









