पटना। बिहार की राजधानी पटना में प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ईआईबी की टीम ने अगमकुआं थाना क्षेत्र में एक गोदाम पर छापेमारी की। इस दौरान 2,308 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर ईआईबी और पटना जिला उत्पाद विभाग की टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गेट नंबर-4 के पास एक गोदाम में संयुक्त रूप से छापेमारी की। तलाशी के दौरान 114 कार्टून में रखी 23,080 शीशियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 2,308 लीटर कफ सिरप था।
कार्रवाई के दौरान नवल प्रसाद नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। वहीं, मामले में कथित मुख्य कारोबारी रोहित कुमार उर्फ दीपक कुमार और अन्य लोगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। संबंधित गोदाम को भी सीलबंद कर दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, बरामद कफ सिरप की अनुमानित बाजार कीमत करीब 70 लाख रुपये है। जांच टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित सिरप की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी। मामले में आगे की जांच जारी है।









