कासगंज। जनपद के गंजडुंडवारा स्थित एटा रोड पर अमीर खुसरो स्कूल में अंजुमन-बहार-ए-अदब के तत्वावधान में कुल हिंद मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीएम पटियाली सुशांत सावरें ने फीता काटकर किया। इस दौरान एसडीएम न्यायिक मोहम्मद नासिर, एसडीएम आतिश कुमार, सीओ अमित कुमार और चेयरमैन प्रतिनिधि अजहर हुसैन मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन हिलाल बदायूंनी ने किया, जबकि शायर अकील नोमानी ने नात-ए-पाक प्रस्तुत कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम के संयोजक एवं मुख्य व्यवस्थापक शायर आमिर शेख रहे।
मुशायरे में अकील नोमानी, खुर्शीद हैदर, शरीफ भारती, इब्राहीम अली जीशान, सलमान जफर, राशिद राहत, वसीम झिंझानवी, नौशाद अनगढ़, अलीम वाजिद, निकहत मुरादाबादी, इल्मा हाशमी, नईम अख्तर नईम और फकरी मेरठी सहित कई शायरों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं की वाहवाही लूटी।
शायर वसीम झिंझानवी ने पढ़ा, ‘हिंदू-मुस्लिम का ये दुलारा लगता है, हमको तिरंगा जान से प्यारा लगता है।’ वहीं सलमान जफर ने ‘हिंदू-मुस्लिम ठीक है साहब, कट्टर होना ठीक नहीं‘ सुनाकर भाईचारे का संदेश दिया।
चेयरमैन प्रतिनिधि अजहर हुसैन ने कहा कि ऐसे साहित्यिक आयोजन समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने अतिथियों, शायरों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।









