11 जोड़ों से शुरू हुआ सामूहिक विवाह का सफर, अब 101 कन्याओं की शादी कराएंगे समाजसेवी विनय अग्रवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

25 अक्टूबर को खिरनीबाग रामलीला मैदान में होगा भव्य आयोजन, सभी जाति-धर्म के जोड़ों का होगा निशुल्क विवाह

शाहजहांपुर। में समाजसेवा की अनूठी मिसाल पेश कर रहे समाजसेवी विनय अग्रवाल ने इस बार 101 कन्याओं का सामूहिक विवाह कराने का संकल्प लिया है। आगामी 25 अक्टूबर को शहर के खिरनीबाग रामलीला मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी जाति और धर्म के जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का निशुल्क विवाह कराया जाएगा।

समाजसेवी विनय अग्रवाल ने बताया कि अपने पूज्य पिता की जयंती के उपलक्ष्य में वह पिछले दो वर्षों से सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। इस सेवा कार्य की शुरुआत 11 जोड़ों के विवाह से हुई थी। इसके बाद 21 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया। अब इस वर्ष 101 कन्याओं का विवाह कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना और समाज में आपसी भाईचारे एवं सामाजिक समरसता का संदेश देना है। समारोह में सभी धर्मों और जातियों के जोड़ों का उनकी परंपराओं के अनुसार विवाह कराया जाएगा।

विवाह के बाद सभी नवदंपतियों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू सामान भी निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

समाजसेवी सुनीता सहित अन्य लोगों ने विनय अग्रवाल की इस पहल की सराहना की। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। इस सामाजिक पहल से जरूरतमंद परिवारों में खुशी और उत्साह का माहौल है।

रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार शर्मा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]