महराजगंज में चार पहिया वाहन की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम की मौत, चालक पर मुकदमा दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दुर्गा पंडाल के पास खेल रहा था आयुष राव, पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया

महराजगंज। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर ग्राम पंचायत के कोदईपुर गिदहा टोला में चार पहिया वाहन की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम आयुष राव की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक मंजेश पासवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। आयुष मंदिर परिसर में लगे दुर्गा पंडाल के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह एक चार पहिया वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल महराजगंज जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

मृतक की मां पूजा की शिकायत पर पुलिस ने चालक मंजेश पासवान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।

थाना प्रभारी गौरव राय कन्नौजिया ने बताया कि शिकायत के आधार पर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]