हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा, दो गाड़ियों के इंजन जले, भैंस की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश, हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन, मुआवजे की मांग

शाहजहांपुर। जिले के जलालाबाद क्षेत्र के विश्रामपुर गांव में बुधवार को हाईटेंशन लाइन का जर्जर तार टूटकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से पास खड़ी दो गाड़ियों के इंजन जल गए, जबकि एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। तार गिरते ही तेज धमाका हुआ, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई व्यक्ति करंट की चपेट में नहीं आया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के जर्जर तारों को हटाने के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया।

ग्रामीण अजीत सिंह, गंगा देवी और गुड्डो देवी ने विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए नुकसान के मुआवजे की मांग की।

सूचना पर पहुंची जलालाबाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुल सका। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि हाईटेंशन लाइन हटाने और मुआवजा मिलने तक उनका विरोध जारी रहेगा। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

रिपोर्टर- धर्मेंद्र कुमार शर्मा

और पढ़ें

[the_ad id="164"]