गोरखपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत खोराबार थाना क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली गई। सीओ कैंट आईपीएस अरुण कुमार एस की देखरेख में खोराबार थानाध्यक्ष सुधांशु सिंह के नेतृत्व में आयोजित रैली के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने पैदल गश्त कर आमजन को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी परेशानी या आपात स्थिति में पुलिस से तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा में सराहनीय योगदान देने वाली महिला उपनिरीक्षकों और महिला कांस्टेबलों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया जा रहा है। महिला पुलिसकर्मी महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है। इसके लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम और जनसंवाद आयोजित किए जा रहे हैं।
थानाध्यक्ष सुधांशु सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अभियान के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ाने तथा महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया।









