दुर्गा पूजा को लेकर पटना पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में तैनात होगा अतिरिक्त पुलिस बल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पूजा पंडालों और प्रमुख चौक-चौराहों पर रहेगी विशेष निगरानी, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
पटना। दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पटना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। भ्रामक, आपत्तिजनक और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सूचनाएं प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहन जांच अभियान भी चलाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों और संबंधित कर्मियों को पर्व के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने आम नागरिकों से दुर्गा पूजा का पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना की जानकारी पुलिस को देने का आग्रह किया।

पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा इंतजामों पर लगातार नजर रखी जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]