पुलिस प्रशासन के अनुसार, पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। भ्रामक, आपत्तिजनक और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सूचनाएं प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहन जांच अभियान भी चलाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों और संबंधित कर्मियों को पर्व के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने आम नागरिकों से दुर्गा पूजा का पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना की जानकारी पुलिस को देने का आग्रह किया।
पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा इंतजामों पर लगातार नजर रखी जाएगी।









