बहराइच। बहराइच के विकास भवन मुख्य गेट पर मंगलवार को ग्राम पंचायत अधिकारियों और ग्राम विकास अधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में जिलेभर से पहुंचे अधिकारियों ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) पर ज्ञापन न लेने और संगठन के पदाधिकारियों को साजिशन फंसाने का आरोप लगाया।
जिलाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि संगठन ने एक दिन पहले ही सीडीओ कार्यालय को ज्ञापन सौंपने की सूचना दे दी थी। इसके बावजूद मंगलवार को अधिकारी बैठक में व्यस्त होने की बात कहकर ज्ञापन लेने नहीं पहुंचे। इससे नाराज कर्मचारियों को विकास भवन के मुख्य गेट पर धरने पर बैठना पड़ा।
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि संगठन लगातार कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर पत्राचार कर रहा है, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने अपने खिलाफ गठित जांच समिति को साजिश बताते हुए नवाबगंज के खंड विकास अधिकारी दीपन पांडे की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए।
प्रदर्शनकारियों ने कथित साजिशपूर्ण जांच समाप्त करने, कर्मचारियों का उत्पीड़न रोकने और भ्रामक शिकायतें करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
संगठन ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता भी अपना सकते हैं।
फिलहाल ग्राम पंचायत और ग्राम विकास अधिकारी विकास भवन गेट पर धरने पर डटे रहे और सीडीओ द्वारा ज्ञापन लिए जाने का इंतजार करते रहे।
रिपोर्ट – अनिरुद्ध मिश्रा









