हरियाणा पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ हापुड़ में पत्रकारों का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पत्रकारों की गिरफ्तारी का विरोध, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा कानून बनाने की उठाई मांग

हापुड़। हरियाणा पुलिस द्वारा पत्रकारों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर हापुड़ में पत्रकारों का आक्रोश देखने को मिला। प्रेस क्लब हापुड़ के बैनर तले पत्रकारों ने विरोध जताते हुए राष्ट्रपति के नाम अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पत्रकारों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और गिरफ्तार पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मुकदमों की समीक्षा करने की मांग की।

प्रदर्शनकारी पत्रकारों ने ‘हिंदी खबर’ और ‘लिविंग इंडिया’ के संपादक अतुल अग्रवाल, सौरभ उपाध्याय तथा महिला पत्रकार सुदेश नैना मोर समेत अन्य पत्रकारों की गिरफ्तारी पर कड़ी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि नशे के अवैध कारोबार को उजागर करने वाले पत्रकारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई प्रेस की स्वतंत्रता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

पत्रकार संगठनों ने राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच किसी स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी से कराने तथा पत्रकारों के खिलाफ दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष समीक्षा करने की मांग उठाई।

इसके साथ ही देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून लागू करने की मांग भी की गई। पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे व्यापक स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

 

रिपोर्ट – दीपक कश्यप

और पढ़ें

[the_ad id="164"]