फतेहपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बकेवर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मुसाफा गांव में छापेमारी कर एक मकान से 418 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि बकेवर थाना क्षेत्र के मुसाफा गांव निवासी राहुल गुप्ता के मकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर मकान के बाहर मौजूद एक व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान राहुल गुप्ता उर्फ बाबू निवासी मुसाफा गांव के रूप में हुई। मकान की तलाशी के दौरान पुलिस ने 18 गत्तों और दो बोरियों में रखे विभिन्न ब्रांडों के रेडीमेड पटाखे बरामद किए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर इनका कुल वजन 418 किलोग्राम निकला।
पुलिस ने आरोपी से पटाखों के भंडारण और बिक्री का वैध लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट – शिवम् अवस्थी









