स्वतंत्र हित संवाददाता
कानपुर। शहर के विकास नगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक परिसर में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान एवं उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय और राजकीय पॉलिटेक्निक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई।

रोजगार मेले में करीब 35 से 40 कंपनियों के शामिल होने और लगभग 1900 रिक्त पदों पर भर्ती का लक्ष्य रखा गया है। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी दक्षता और अनुभव के आधार पर चयन कर रहे हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पद और योग्यता के अनुसार 10 हजार से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलने की संभावना है।
मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा और आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं ने भाग लिया। नौकरी पाने की उम्मीद में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रोजगार मेले में पहुंचे।

इस अवसर पर भाजपा विधायक एवं पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री नीलिमा कटियार भी मौजूद रहीं। वहीं रोजगार की तलाश में पहुंचे अभ्यर्थी सौरभ सिंह और बिग ट्री रिसॉर्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के एचआर विपिन चौधरी ने भी अपनी बात रखी।
आयोजकों के अनुसार रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और कंपनियों को योग्य अभ्यर्थी मुहैया कराना है। इस पहल से युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।









