कानपुर में 15 से 17 अक्टूबर तक लगेगा तीन दिवसीय किसान मेला, आठ राज्यों के किसान होंगे शामिल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कृषि ड्रोन, एआई तकनीक और आधुनिक कृषि उपकरणों का होगा प्रदर्शन, 30 हजार किसानों के पहुंचने की उम्मीद

स्वतंत्र हित संवाददाता

कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) कानपुर में 15 से 17 अक्टूबर तक तीन दिवसीय किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में उत्तर भारत के आठ राज्यों और जम्मू-कश्मीर के कृषि विश्वविद्यालयों की भागीदारी रहेगी। मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत उपकरणों और खेती में नवाचारों की जानकारी उपलब्ध कराना है।

मेले का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही करेंगे। इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्त और प्रमुख सचिव कृषि एम.के. शनमुग सुंदरम सहित कई अधिकारी मौजूद रहेंगे।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि मेले में किसानों को कृषि ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सोलर और बैटरी चालित कृषि उपकरणों के साथ उन्नत ट्रैक्टर एवं थ्रेशर की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा मोती उत्पादन का जीवंत प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिससे किसान खेती के साथ अतिरिक्त आय के नए अवसरों को समझ सकेंगे।

मेले में 16 अक्टूबर का दिन विशेष रूप से महिला किसानों को समर्पित रहेगा। इस दौरान महिलाओं को कृषि उद्यमी बनाने, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य और जागरूकता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कुलपति ने बताया कि तीन दिवसीय मेले में लगभग 25 से 30 हजार किसानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मेले में किसानों को आधुनिक और लाभकारी खेती के लिए प्रेरित किया जाएगा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]