बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में तेंदुए के हमले से नौ वर्षीय मासूम की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।
मामला मूर्तिहा थाना क्षेत्र के बढ़ैयापुरवा भंडारा गांव का है। यहां रहने वाला नौ वर्षीय रोहित यादव देर शाम घर के पीछे कुंदरू के खेत में शौच के लिए गया था। इसी दौरान खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ बच्चे को दबोचकर कुछ दूरी पर स्थित गन्ने के खेत में ले गया।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए हांका लगाया, जिसके बाद तेंदुआ बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। जब परिजन गन्ने के खेत में पहुंचे तो रोहित का शव पड़ा मिला। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि इससे पहले भी तेंदुआ गांव में हमला कर कई लोगों को घायल कर चुका है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं वन विभाग की टीमें तेंदुए की तलाश में जुट गई हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने और गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटना दोबारा न हो।
रिपोर्ट – अनिरुद्ध मिश्रा









