भगवा चुंगी चौराहे पर बाइक से स्टंटबाजी कर महिलाओं और बालिकाओं पर कस रहे थे फब्तियां, पुलिस ने भेजा जेल
प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों युवक भगवा चुंगी चौराहे पर बाइक से स्टंटबाजी करते हुए महिलाओं और बालिकाओं पर अश्लील टिप्पणियां कर रहे थे। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष पाल और दक्ष पाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों आपस में रिश्तेदार हैं। आरोप है कि नशे की हालत में चिलबिला से प्रतापगढ़ की ओर आते समय वे बाइक से स्टंटबाजी कर रहे थे और महिलाओं व बालिकाओं पर अश्लील फब्तियां कस रहे थे।
मामले की जानकारी मिलने पर महिला दरोगा कंचनलता के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में थाना कोतवाली नगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा ने बताया कि बीती शाम थाना कोतवाली नगर की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान भगवा चुंगी चौराहे पर दो बाइक सवार युवक स्टंटबाजी करते हुए महिलाओं और बालिकाओं पर अश्लील टिप्पणियां करते मिले। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, सुभाष पाल और दक्ष पाल को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।









