भागवत कथा के दौरान हुआ हादसा, कमरे का दरवाजा टूटकर गिरा; घायलों को एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया
प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश। प्रतापगढ़ के बाघराय क्षेत्र के रोर गांव में नवरात्रि के दूसरे दिन आयोजित भागवत कथा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। शाम करीब सात बजे घर में गैस सिलेंडर की पाइप से गैस रिसाव होने के कारण कमरे में गैस फैल गई। इसी दौरान हुए जोरदार ब्लास्ट से कमरे का दरवाजा टूटकर गिर गया। हादसे में गिरजा देवी, पत्नी संतोष कुमार पांडेय, की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, प्रधान शीला शशि पांडेय के घर पर भागवत कथा का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर की पाइप से रिसाव होने के कारण कमरे में गैस भर गई। इसके बाद अचानक ब्लास्ट हो गया, जिससे कमरे का दरवाजा टूटकर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में वीरेंद्र शुक्ल, निवासी सुकुलपुर पचैंया, नवल मिश्र, निवासी महमदपुर, तथा अंशू, निवासी सुकुलपुर, झुलस गए। तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर मनोज कुमार रघुवंशी, थानाध्यक्ष श्रवण कुमार और कमासिन चौकी प्रभारी देव दयाल वर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस गैस रिसाव और ब्लास्ट के कारणों की जांच कर रही है।









