पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। नियामताबाद विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय सरैंय-प्रथम में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा, समान अवसर और उज्ज्वल भविष्य के महत्व पर चर्चा की गई। शिक्षकों ने बच्चों और अभिभावकों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रत्येक बालिका को शिक्षा प्राप्त करने, अपनी प्रतिभा निखारने और जीवन में आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए। बाल विवाह से बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य प्रभावित होता है। इसे समाप्त करने के लिए परिवार और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी है।
शिक्षकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दें और उन्हें अपने सपने पूरे करने के लिए प्रोत्साहित करें। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को समानता, अधिकारों और नेतृत्व क्षमता के प्रति जागरूक किया गया।
सहायक अध्यापिका नीलम तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के महत्व को समझाना और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाना है।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका नीतू सिंह, शिक्षिकाएं नीलम तिवारी, सुमन कुमारी, रश्मि और रीमा कुमारी उपस्थित रहीं।









