महाराजगंज: सक्सेना नगर चौराहे पर यातायात पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, बिना हेलमेट चालकों को गुलाब देकर किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में मंगलवार को सक्सेना नगर चौराहे पर यातायात पुलिस ने एनसीसी कैडेट्स के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में दोपहिया, ई-रिक्शा और चारपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को गुलाब का फूल देकर हेलमेट पहनने की अपील की। वहीं, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया गया। ई-रिक्शा चालकों से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने और चार से अधिक सवारी न बैठाने की अपील की गई।

यातायात प्रभारी अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने वाहन चालकों को समझाया कि सड़क पर बड़े वाहनों को अनावश्यक हॉर्न बजाकर परेशान न करें। पहले बड़े वाहनों को रास्ता दें, इसके बाद सावधानीपूर्वक आगे बढ़ें। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।

इस मौके पर टीएसआई सलामुद्दीन खान, टीएसआई विनोद सिंह सहित यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे। एनसीसी कैडेट्स अर्चना यादव, अनु, खुशबू पासवान, अंशु यादव, रागिनी चौधरी, सुहाना, अर्पित पांडेय, साहिबा, अनुसूमा, रुचि और रिमझिम सहित अन्य लोग शामिल रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]