बाराबंकी। जैदपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत दौलतपुर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। गांव में पिछले करीब 25 वर्षों से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर नवरात्र महोत्सव मनाने की परंपरा चली आ रही है। स्थानीय लोगों के सहयोग से सजे पूजा-पंडाल में प्रतिदिन आरती और पूजन किया जा रहा है।
नवरात्र के दौरान माता रानी के दर्शन के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी भक्त पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। पंडाल में मनमोहक झांकियों के साथ जागरण, भंडारे और शिव बारात जैसे धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है।
पूजा-पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा की देखरेख विंदेश्वरी की अध्यक्षता में की जा रही है। स्थानीय निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि गांव में करीब ढाई दशक से यह धार्मिक परंपरा निरंतर चली आ रही है। नवरात्र के दिनों में ग्रामीण पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ आयोजन में हिस्सा लेते हैं।
मां दुर्गा की आराधना और जयकारों से दौलतपुर गांव का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।









