औरैया। ऐरवा कटरा क्षेत्र के ऐरवा टीकुर में आयोजित 130वें आदर्श रामलीला महोत्सव के तीसरे दिन धार्मिक प्रसंगों का मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाजवादी पार्टी की प्रदेश सचिव रंजना पाल ने फीता काटकर और भगवान श्रीराम की आरती-पूजन कर किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।
रामलीला के तीसरे दिन कलाकारों ने मुनी याचना, ताड़का वध, श्री गंगा लीला और नगर दर्शन का मंचन किया। मुनी याचना प्रसंग में महर्षि विश्वामित्र राजा दशरथ से यज्ञ की रक्षा के लिए श्रीराम और लक्ष्मण को साथ ले जाने की अनुमति मांगते हैं। इसके बाद ताड़का वध के प्रसंग में भगवान श्रीराम राक्षसी ताड़का का वध करते हैं। कलाकारों के संवाद और युद्ध दृश्य देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।
इसके बाद श्री गंगा लीला और नगर दर्शन का मंचन हुआ। भक्ति गीतों पर प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। हास्य कलाकार ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी ने रंजना पाल को पटका पहनाकर और भगवान श्रीराम का चित्र भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कमेटी प्रबंधक इंद्रप्रकाश तिवारी, अध्यक्ष सरमन सिंह, उपाध्यक्ष रानू पालीवाल सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।









