करीब 200 महिला कर्मचारियों ने लिया हिस्सा, महिलाओं और बालिकाओं को अधिकारों व सुरक्षा के प्रति किया जाएगा जागरूक
महराजगंज | शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत सोमवार को जनपद में महिला जागरूकता रैली निकाली गई। महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में महिला पुलिसकर्मियों सहित विभिन्न विभागों की करीब 200 महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने बताया कि महिला जागरूकता रैली उद्योग चौराहे से प्रारंभ होकर दुर्गा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें महिला कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की महिला कर्मचारियों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, महिलाओं से संबंधित कानूनी प्रावधानों, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों तथा शासन की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का संदेश दिया गया।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार शारदीय नवरात्रि के प्रत्येक दिन अलग-अलग थीम पर आधारित महिला सशक्तिकरण से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के उपायों, उपलब्ध सहायता सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार शारदीय नवरात्रि को महिला सशक्तिकरण सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। जरूरत पड़ने पर उन्हें उपलब्ध सहायता सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग भी करना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।









