मिशन शक्ति 6.0: ठूठीबारी पुलिस ने बालिकाओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत महराजगंज जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना ठूठीबारी की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने थाना क्षेत्र के राजाबारी में बालिकाओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्या, महिला आरक्षी अन्तिमा वर्मा, महिला आरक्षी रजनी अग्रहरी, शुभकामना पाण्डेय एवं महिला आरक्षी सरिता ने बालिकाओं को महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। टीम ने पॉक्सो एक्ट, मिशन शक्ति अभियान और महिला हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में बताते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में बालिकाएं उपलब्ध पुलिस सहायता सेवाओं का उपयोग कर सकती हैं।

पुलिस टीम ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही, सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम में साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी चर्चा की गई। बालिकाओं को अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। इसके अलावा, आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला हेल्पलाइन 1090 व 181 तथा साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 नंबर की जानकारी दी गई। इस दौरान जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।

पुलिस टीम ने बालिकाओं से जागरूक रहने और किसी भी समस्या की स्थिति में बिना झिझक सहायता लेने की अपील की।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]